6 महीने का पसीना सोना बनकर चमका, 23 को होगा शपथग्रहण – Bhilangana Express

6 महीने का पसीना सोना बनकर चमका, 23 को होगा शपथग्रहण

अल्पकाल में की गई मेहनत काम मिला पुरस्कार, नजरें अब 2024 के लोकसभा चुनाव पर
6 माह में जीतना होगा धामी को विधानसभा चुनाव, डीडीहॉट सीट हो सकती है खाली

Dehradun: वर्तमान उत्तराखंड सरकार का कार्यकाल 23 मार्च को समाप्त हो रहा है और इससे पूर्व भाजपा ने आज नई सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया गया है। उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के तौर पर पुष्कर सिंह धामी का नाम आज घोषित किया और इसके बाद भाजपा ने पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार बनाने का दावा राज्यपाल के आगे पेश किया है। 23 मार्च को उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं उनकी कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह होगा। शपथ ग्रहण के साथ ही एक बार फिर धामी के नेतृत्व वाली सरकार की पारी शुरू होगी।

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में 10 मार्च को खटीमा से पुष्कर सिंह धामी के हार के बाद शुरू हुए राजनीतिक अटकलों का दौर आज शाम समाप्त हो गया। केंद्रीय हाईकमान की ओर से भेजे गए पर्यवेक्षकों राजनाथ सिंह एवं मीनाक्षी लेखी द्वारा पुष्कर सिंह धामी का नाम घोषित करने के साथ ही दावेदारी के खेल पर भी विराम लग गया। निश्चित तौर पर पुष्कर सिंह धामी को उनके 6 महीने के कार्यकाल का इनाम मिला है जिसमें भले ही अपनी सीट निकालने में सफल नहीं हुए लेकिन उन्होंने भाजपा को एक ऐसा मजबूत आधार बना कर दिया जिसने उसे सत्ता तक पहुंचाया।

मुख्यमंत्री घोषित किए जाने के बाद अब 6 महीने में पुष्कर सिंह धामी को विधायिका का चुनाव जीतना है और इसके लिए माना जा रहा है कि डीडीहाट से जीते बिशन सिंह चुफाल अपनी सीट छोड़ेंगे जिन्हें बाद में राज्यसभा सांसद बनाकर भेजा जाएगा। भाजपा की नजर अब सीधे तौर पर 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव पर है और हाईकमान को भी धामी के छह माह के कार्यकाल को देखकर यही लगा कि इससे बेहतर नेतृत्व तलाश करना मुश्किल होगा।