पहाड़ों में घनघोर बारिश के बाद केदारनाथ यात्रा बंद, प्रशासन अलर्ट पर – Bhilangana Express

पहाड़ों में घनघोर बारिश के बाद केदारनाथ यात्रा बंद, प्रशासन अलर्ट पर

मैदान से लेकर पहाड़ो तक बारिश ने दिखाया असर
जल निकासी व्यवस्था ने तोड़ा दम, सड़के हो रही जलमग्न

Dehradun: उत्तराखंड में पिछले 2 दिनों से हो रही लगातार बारिश का असर अब चारधाम यात्रा के साथ ही मैदानी क्षेत्र में भी नजर आने लगा है। भारी बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है। बारिश के कारण पैदा हुए हालातों का आकलन एवं अधिकारियों को दिशा निर्देश देने के लिए सीएम धामी आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे।
चार धाम यात्रा के संचालन को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। भारी बारिश के चलते उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि गौरीकुंड से लेकर केदारनाथ तक तेज बारिश हो रही है। सुबह 10.30 बजे से सोनप्रयाग और गौरीकुंड से यात्रियों को आगे नहीं भेजा जा रहा है।
इससे पूर्व सुबह 8 बजे तक कुल 5828 यात्री सोनप्रयाग से केदारनाथ के लिए रवाना हुए थे।
वही चार धाम यात्रा ही नहीं बल्कि मैदानी क्षेत्रों में भी लगातार बारिश हो रही है जिसके कारण कई स्थानों पर नदी नाले भर गए हैं तो शहरों में नालियां चोक होने के कारण पानी सड़कों पर बह रहा है। कहीं ना कहीं मानसून से पूर्व जल निकासी की व्यापक व्यवस्था पर गंभीरता से कार्य न करने का परिणाम भी दिख रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम पहुंचे जहां उन्होंने चारधाम यात्रा मार्ग के साथ ही अन्य जनपदों में भी बारिश से होने वाले नुकसान का आकलन किया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को किसी भी प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए।