
जनपद की अपराध समीक्षा गोष्ठी
जघन्य अपराधों के त्वरित खुलासों पर जनपद पुलिस की पीठ थपथपाई
वांछित/ईनामी अभियुक्तो की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे अभियान के तहत जनपद पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही की करी सराहना
लंबित शिकायती प्रार्थना पत्रों की समीक्षा कर त्वरित निस्तारण के दिये निर्देश
बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के विरुद्ध जनपद पुलिस द्वारा नियमित रूप से चलाये जा रहे अभियान की करी सराहना

DEHRADIN: इंस्पेक्टर जनरल ऑफ़ पुलिस गढ़वाल रेंज करण सिंह नगन्याल द्वारा पुलिस कार्यालय देहरादून में जनपद देहरादून की अपराध समीक्षा गोष्ठी ली गई। गोष्ठी में गम्भीर अपराधों: हत्या, लूट, डकैती के अभियोगों की समीक्षा करते हुए उक्त घटनाओं के त्वरित अनावरण पर जनपद पुलिस की सराहना की, साथ ही अन्य लम्बित अभियोगों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त कर उनके त्वरित अनावरण के निर्देश दिये गये।
समीक्षा के दौरान जनपद पुलिस द्वारा वांछित अभियुक्तों के विरूद्ध की गई कार्यवाही पर जनपद पुलिस की पीठ थपथपाई गयी तथा लम्बे समय से फरार चल रहे ईनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु टीमें गठित कर अतिरिक्त प्रयास करने तथा मुख्यालय स्तर पर चल रहे अभियान में और अधिक प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
महिला सम्बन्धी अपराधों की समीक्षा के दौरान महिला अपराधों का प्रार्थमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण तथा अभियुक्तों के विरूद्ध प्रभावी साक्ष्य संकलन की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। साथ ही निर्भया तथा सालसा फण्ड के अन्तर्गत पीडिताओं को दी जाने वाली आर्थिक सहायता के सम्बन्ध में पुलिस रिपोर्ट को समय पर संबंधित को प्रेषित करते हुए पीडिताओं को अविलम्ब सहायता प्रदान करने हेतु निर्देशित किया गया।
वाहन लूट/ चैन लूट की घटनाओं के त्वरित अनावरण तथा रिकवरी पर संतोष व्यक्त किया गया तथा स्ट्रीट क्राइम की घटनाओ की रोकथाम हेतु प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नकबजनी के अभियोगों में अनावरण का प्रतिशत अच्छा रहने की सराहना करते हुए लंबित नकबजनी की घटनाओं के अनावरण के निर्देश दिये गये।
वाहन चोरी/अन्य चोरियो की घटनाओं की समीक्षा के दौरान महोदय द्वारा घटनाओं के अनावरण में तेजी लाने तथा सभी थाना क्षेत्रों में निवासरत बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन हेतु व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान चलाकर संदिग्धों/आपराधिक पृष्ठ भूमि के व्यक्तियों को चिन्हित करने के निर्देश दिये गये।
इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थानों पर कूडा बीनने वालो/अनावश्यक रूप से घूमने वाले व्यक्तियों को रोककर उनसे पूछताछ तथा बाहरी प्रदेशों से आकर मजदूरी का कार्य करने वाले मजदूरों के सत्यापन तथा उन्हें लेकर आने वाले ठेकेदार की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिये गये।
अपराधों की रोकथाम तथा उनके अनावरण में सहायता के लिये सभी थाना क्षेत्रों में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा आम जन को भी सीसीटीवी कैमरो की उपयोगिता के सम्बन्ध में जागरूक करते हुए उन्हें अपने घरों/प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिये प्रोत्साहित/प्रेरित करने के निर्देश दिये गये।
क्षेत्राधिकारियो को अपने-अपने सर्किलों में नियमित रूप से लम्बित विवेचनाओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराने हेतु निर्दशित किया गया।
इस दौरान लम्बित प्रार्थना पत्रों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करते हुए उनके लम्बित रहने के कारणों की जानकारी प्राप्त कर उनके त्वरित निस्तारण हेतु निर्देश दिये गये।
उपरोक्त गोष्टी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक नगर/ ग्रामीण, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय के शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।