अब कब्रिस्तान से भी घोटाला उजागर, जिंदों के बना दिए “डेथ” सर्टिफिकेट

आजीवन कारावास के आरोपी को भी दर्शा दिया मरा हुआ, जमानत पर है रिहा

फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र घोटाला उजागर, हत्या के आरोपी को मृत दिखाकर जारी किया गया था प्रमाण पत्र, FIR दर्ज

NAINITAL: कब्रिस्तान में भी घोटाला उजागर हो गया है। प्राप्त शिकायत के अनुसार, बनभूलपुरा कब्रिस्तान कमेटी के कुछ पदाधिकारियों द्वारा मोटी रकम लेकर जीवित व्यक्तियों और अन्य राज्यों में मृत व्यक्तियों के नाम पर झूठी एवं कूट रचित रसीदें तैयार कर हल्द्वानी नगर निगम से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी* कराए जा रहे थे।

जांच के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया जिसमें *एक हत्या का आरोपी जिसे माननीय न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा दी जा चुकी है और जो वर्तमान में जमानत पर है को मृत दिखाकर उसके नाम पर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया गया।

मामले के संज्ञान में आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त संदिग्ध प्रकरणों की गहन जांच के निर्देश दिए गए। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर नगर निगम हल्द्वानी को विस्तृत रिपोर्ट प्रेषित की गई।

उक्त मामले में नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं रजिस्ट्रार जन्म एवं मृत्यु, मनोज कांडपाल द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर कब्रिस्तान कमेटी के पदाधिकारी इकबाल अंसारी, उनके पुत्र तनवीर अहमद एवं अन्य के विरुद्ध थाना बनभूलपुरा में एफआईआर पंजीकृत की गई है।