उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे सैन्य अधिकारी-जवान

*यूओयू व कुमाऊं रेजीमेंट के बीच हुआ एमओयू साइन*

*कुमाऊं रेजीमेंट सेंटर रानीखेत में डिस्टेंस लर्निंग सेंटर की हुई शुरूआत

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय एवं कुमाऊं रेजिमेंट के बीच कौशल आधारित स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों को लेकर एमओयू साइन किया गया है। यह समझौता ज्ञापन सैन्य अधिकारियों, जवानों एव ंअग्निवीरों सहित सैनिक आश्रितों को उच्च शिक्षा तथा कौशल विकास के लिये नये अवसर उपलब्ध करायेगा। इसके साथ ही कुमाऊं रेजीमेंट सेंटर में विश्वविद्यालय के डिस्टेंस लर्निंग सेंटर की औपचारिक शुरूआत भी कर दी गई है।

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा अभियान के तहत आज रानीखेत में कुमाऊं रेजिमेंट तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच कौशल आधारित स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा एवं सार्टिफिकेट पाठ्यक्रमों को लेकर एक समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया गया है। जिसके तहत विश्वविद्यालय रेजिमेंट के सेवारत सैन्य अधिकारियों, जवानों, अग्निवीरों एवं सैनिक आश्रितों को उच्च शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रम उपलब्ध करा सकेंगे। जिसमें एस्टेट मैनेजमेंट, हॉस्पिटालिटी मैनेजमेंट, डिजिटल लिटरेसी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटर विज्ञान एवं नैनो प्रौद्योगिकी जैसे पाठ्यक्रम शामिल है।

कार्यक्रम में कुमाऊं रेजिमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर संजय कुमार यादव ने कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय के साथ एमआयू साइन होने से रेजिमेंट के सैन्य अधिकारियों, जवानों और विशेषकर अग्निवीरों को कौशल आधारित पाठ्यक्रमों का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सैन्य जवनों को इसका लाभ न केवल सेवा काल में मिलेगा बल्कि सेवा उपरांत भी उन्हें उत्कृष्ट अवसर मिलेगें।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि सैन्य समुदाय के शैक्षणिक विकास एवं कौशल उन्नयन में विश्वविद्यालय निरंतर अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। प्रो. लोहनी ने कहा कि यह एमओयू सैथ्नकों और अग्निवीरों के लिये गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पेशेवर प्रशिक्षण और कौशल विकास का नया अध्याय सिद्ध होगा।