
अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने के अवसर पर आज पुलिस मुख्यालय, देहरादून स्थित सभागार में पुलिस महानिरीक्षक एन.एस. नपलच्याल एवं पुलिस उपाधीक्षक श्री नवीन चन्द्र सेमवाल के सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड दीपम सेठ, अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था श्री वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन श्री ए.पी. अंशुमान सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं द्वारा दोनों अधिकारियों की गौरवशाली सेवा यात्रा, उनके कर्तव्यनिष्ठ योगदान, नेतृत्व क्षमता एवं अनुकरणीय कार्यशैली का उल्लेख करते हुए भूरि-भूरि सराहना की गई।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्दीपम सेठ ने अपने सम्बोधन में कहा कि “सेवानिवृत्ति पर जा रहे वरिष्ठ अधिकारियों ने हर जिम्मेदारी को पूरी कर्त्तव्यनिष्ठा और गरिमा के साथ निभाया। मैं आशा करता हूँ कि इनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ भविष्य में भी उत्तराखण्ड पुलिस को निरंतर प्राप्त होता रहेगा।

श्री एन. एस. नपलच्याल एवं श्री नवीन चन्द्र सेमवाल ने भी समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों व सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग, समर्थन एवं कर्मठता के कारण ही वे अपने उत्तरदायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके।
समारोह के अंत में पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा *स्मृति चिह्न* भी भेंट किया गया।
*सेवा विवरण नवीन चन्द्र सेमवाल*
नवीन चन्द्र सेमवाल वर्ष 1985 में पुलिस विभाग में आरक्षी पद पर नियुक्त हुए। अपने सेवाकाल में वे वर्ष 1998 में उप निरीक्षक, वर्ष 2016 में निरीक्षक तथा वर्ष 2024 में पुलिस उपाधीक्षक पद पर पदोन्नत हुए। उन्होंने नैनीताल, मेरठ, उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार सहित पुलिस मुख्यालय में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।
भारत सरकार द्वारा सराहनीय सेवा के लिए उन्हें वर्ष 2025 में राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया।