सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर का उच्चीकरण कार्य अंतिम चरण में, 10 से 30 बेड में शिफ्ट, आधुनिक सुविधाओं से लैस – Bhilangana Express

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर का उच्चीकरण कार्य अंतिम चरण में, 10 से 30 बेड में शिफ्ट, आधुनिक सुविधाओं से लैस

रायपुर सीएचसी के उच्चीकरण से क्षेत्र को बड़ी स्वास्थ्य सौगात

तीन लाख से अधिक आबादी को मिलेगा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ

जिला टिहरी और देहरादून की लाइफ लाइन -रायपुर सीएचसी

*देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के उच्चीकरण का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। यह बहुप्रतीक्षित परियोजना शीघ्र ही जनता को समर्पित की जाएगी, जिससे क्षेत्रीय नागरिकों को आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि रायपुर सीएचसी में ग्राउंड प्लस पाँच मंजिला अत्याधुनिक सामुदायिक भवन का निर्माण अंतिम चरण में है। नए भवन के शुरू होने से मरीजों को बेहतर इलाज के साथ-साथ आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

नव निर्मित सीएचसी भवन में 20 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही ओपीडी कक्ष, पैथोलॉजी लैब, डिजिटल एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, दवा वितरण केंद्र, टीकाकरण इकाई और 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
ग्राउंड फ्लोर पर पंजीकरण काउंटर, ओपीडी और आपातकालीन सेवाओं हेतु 4 बेड की सुविधा होगी। ऊपरी मंजिलों पर पुरुषों के लिए 8 बेड, महिलाओं के लिए 10 बेड तथा 4 प्राइवेट बेड बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त 4 बेड का नवजात शिशु स्थिरीकरण (छठैन्) यूनिट भी स्थापित किया गया है, जिससे नवजात शिशुओं को बेहतर देखभाल मिल सकेगी।

रायपुर सीएचसी के उच्चीकरण से भोपालपानी, थानो, शमशेरगढ़, नत्थुवावाला, मालदेवता, सरोना, बौठा सहित मसूरी की तलहटी के गांवों और टिहरी जनपद के उनियाल गांव व आनंद गांव की लगभग तीन लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। अब मरीजों को उपचार के लिए जिला अस्पताल या निजी अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

रायपुर सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रताप सिंह रावत ने बताया कि उच्चीकरण के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा आपातकालीन सेवाओं का विस्तार होगा। वर्तमान में 10 चिकित्सकों के साथ नर्सिंग स्टाफ कार्यरत है। भविष्य में बढ़ती सुविधाओं को देखते हुए 6 अतिरिक्त चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की आवश्यकता का प्रस्ताव भी भेजा गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि रायपुर सीएचसी में 20 अतिरिक्त बेड की सुविधा से मरीजों को बेहतर उपचार मिलेगा। उन्होंने बताया कि भवन का निरीक्षण हाल ही में किया गया है और फरवरी के अंत तक भवन पूरी तरह तैयार हो जाएगा। निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया है।

रायपुर सीएचसी का उच्चीकरण राज्य सरकार की स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है, जो ग्रामीण एवं अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।