बड़ी सफलता: उत्तराखंड पहली बार रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में, सीएम ने भी जताई खुशी – Bhilangana Express

बड़ी सफलता: उत्तराखंड पहली बार रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में, सीएम ने भी जताई खुशी

रणजी ट्रॉफी 2025-26 के क्वार्टरफाइनल में उत्तराखंड ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए झारखंड को एक पारी और छह रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया. मयंक मिश्रा के आठ विकेट और शीर्ष बल्लेबाजों की अर्धशतकीय पारियों ने टीम को शानदार जीत दिलाई। उत्तराखंड 2018 से रणजी मैचों में खेल रही है और इस बार मात्र तीन दिन में यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

उत्तराखंड की ओर से दूसरी पारी में मयंक मिश्रा ने सर्वाधिक पांच विकेट झटके, जबकि अभय नेगी ने चार विकेट चटकाए. मयंक मिश्रा ने पहली पारी में भी तीन विकेट लिए थे, इस तरह उन्होंने मैच में कुल आठ विकेट हासिल किए.।

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की क्रिकेट टीम को पहली बार रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंचने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि राज्य के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और इससे प्रदेश के खिलाड़ियों का मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन को भी इस सफलता में उनके निरंतर प्रयासों और योगदान के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने बेहतर टीमवर्क, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।

मुख्यमंत्री ने सेमीफाइनल मुकाबले के लिए टीम को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि उत्तराखंड की टीम सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में प्रवेश करेगी और राज्य का गौरव बढ़ाएगी।