
रामनगर स्थित आईआरबी प्रथम में नियुक्त जगदीश चन्द्र भट्ट अन्तिम स्टेज के कैंसर रोग से ग्रसित,
हिमालयन अस्पताल, जौलीग्रान्ट, देहरादून में उपचार कराया जा रहा है
Dehradun: पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार के प्रयासों से उत्तराखंड पुलिस के एक कर्मचारी को कैंसर से पीड़ित होने के बाद उपचार हेतु 34 लाख रुपए की मदद दी गई है। उन्हें यह मदद पुलिस कर्मियों के लिए बनाई गई जीवन रक्षा निधि से दी गई है।
पुलिसकर्मी जगदीश की 04 चरण इम्युनोथेरेपी कराई जानी थी, जिसमें एक चरण में 8 लाख 73 हजार का खर्च आ रहा था। उनके द्वारा पुलिस मुख्यालय से जीवन रक्षक निधि हेतु अनुरोध किया गया। अशोक कुमार, पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड द्वारा इस सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी ली गई और जगदीश जी से बात कर उन्हें हर सम्भव मदद का भरोसा दिलाया।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जगदीश को इम्युनोथेरेपी कराये जाने हेतु जीवन रक्षक निधि के अन्तर्गत त्वरित सहायता प्रदान करते हुये कुल 04 इम्युनोथेरेपी कराये जाने हेतु 04 किश्तों में कुल 34 लाख 96 हजार की धनराशि स्वीकृत की गई। आज इम्युनोथेरेपी के चौथे चरण हेतु 8 लाख 73 हजार की अंतिम किश्त जारी की गई है। उपचार करा रहे पुलिसकर्मी जगदीश ने बताया कि इम्युनोथेरेपी कराये जाने के उपरान्त उन्हें अत्यधिक स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हुआ है और वे निरन्तर स्वस्थ महसूस कर रहे हैं।
वही जीवन रक्षा निधि के बारे में जानकारी देते हुए अशोक कुमार, पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड ने बताया कि कोई भी पुलिसकर्मी स्वयं अथवा अपने माता-पिता, सास-ससुर, अविवाहित पुत्र/पुत्री (कोई आयु सीमा नहीं), जो उन पर पूर्णतः आश्रित हों उपचार हेतु इस निधि का उपयोग कर सकते हैं।