स्कूल के लिए घर से निकले नाबालिग छात्र ने उड़ाए पुलिस के होश – Bhilangana Express

स्कूल के लिए घर से निकले नाबालिग छात्र ने उड़ाए पुलिस के होश

लापता होने की सूचना के बाद तत्काल हरकत में आई पुलिस
24 घण्टे के अन्दर नाबालिग गुमशुदा को ऋषिकेश बस अड्डे से किया गया सकुशल बरामद


Dehradun:दिनांक 20-06-2023 को वादी निवासी प्रेमनगर द्वारा थाने पर आकर एक तहरीर दी कि उनका पुत्र जो कि 15 वर्ष का है तथा केन्द्रीय विद्यालय आई0एम0ए0 प्रेमनगर में कक्षा 9 वीं में पढता है जो प्रातः 07.00 बजे घर से स्कूल के लिये निकला था,जो कि दोपहर में 02.00 बजे स्कूल की छुट्टी होने के पश्चात वापस घर नही लौटा है।

उनके द्वारा पता किया गया तो उनका पुत्र दिनांक 20-06-23 को स्कूल ही नहीं गया था।उक्त तहरीर के सम्बन्ध में थाना प्रेमनगर पर तत्काल मु0अ0सं0-132/23 धारा-363 भादवि बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया। 15 साल के बच्चे के एकाएक लापता होने से पुलिस के भी हाथ पैर फूल गए और तत्काल थानाध्यक्ष प्रेमनगर के नेतृत्व में टीम गठित कर गुमशुदा की तलाश शुरु की गयी। गठित टीम द्वारा गुमशुदा की तलाश हेतु वादी के घर के आस-पास तथा गुमशुदा के स्कूल जाने वाले रास्तों पर लगे सी0सी0टी0वी0 कैमरों को चैक किया गया।

उक्त बालक अपने घर से साईकिल पर अकेले ही प्रेमनगर से होते हुए आई0एस0बी0टी0 की ओर जाता दिखाई दिया,जिस पर पुलिस टीम द्वारा आई0एस0बी0टी0 जाने वाले मार्ग पर लगे विभिन्न सी0सी0टी0वी0 कैमरों को चैक किया तो आई0एस0बी0टी0 से उक्त बालक हरिद्वार की ओर जाने वाली बस में जाता हुआ दिखायी दिया। तत्पश्चात तत्काल दो टीमें बनाकर एक टीम को हरिद्वार तथा एक टीम को ऋषिकेश रवाना किया गया, जहां पर दोनों टीमों द्वारा हरिद्वार तथा ऋषिकेश के बस अड्डों पर गुमशुदा के फोटो वहां के मौजूद लोगों को दिखाये गये।
गुमशुदा की तलाश हेतु पुलिस टीम को अथक प्रयासों के पश्चात आज दिनांक 21-06-23 को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि उक्त गुमशुदा ऋषिकेश बस अड्डे पर देखा गया है।जिस पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुये उक्त गुमशुदा नाबालिग को तलाश करते हुए सांय के समय ऋषिकेश बस अड्डे के पास से सकुशल सुरक्षित बरामद किया।उक्त गुमशुदा को बरामदगी के पश्चात सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
गुमशुदा के परिजनों व आम जन मानस द्वारा गुमशुदा को 24 घण्टे के अन्दर सकुशल बरामद करने पर थाना प्रेमनगर पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।