अपने ही वाहन पर फांसी का फंदा लगाकर झूल गया ड्राइवर

आज प्रातः चौकी कोलूखेत पर अनुज पुत्र दर्शन लाल, निवासी टकराना, कैम्पटी, जनपद टिहरी गढ़वाल, उम्र 28 वर्ष द्वारा सूचना दी की उसका छोटा भाई मनीष कुमार पुत्र दर्शन लाल, निवासी टकराना, कैम्पटी, जनपद टिहरी गढ़वाल, उम्र 21 वर्ष, जो पिकअप वाहन चलाने का कार्य करता है, आज प्रातः लगभग 03:30 बजे पिकअप वाहन संख्या UK07CD7644 से मसूरी से देहरादून के लिए निकला था।

सुबह के समय जब वह खुद भी अपने पिकअप वाहन को लेकर मसूरी से देहरादून के लिए निकला तो ओल्ड मैगी पॉइंट के पास उसने अपने भाई मनीष की पिकअप वाहन को सड़क किनारे खड़ा देखा। संदेह होने पर वह अपने भाई के वाहन के पास गया, तो वाहन के बाएं डाले पर सफेद रंग की पतली रस्सी के सहारे मनीष कुमार को फंदे पर लटका हुआ देखा, जिस पर उसने तत्काल फंदा खोलकर मनीष को नीचे उतारा और वाहन के अंदर लेटाया।

सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल की फोटोग्राफी कर आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई। पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम की कार्यवाही के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। घटना की प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा आत्महत्या किया जाना प्रकाश में आया है, फिर भी पुलिस द्वारा घटना के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।