
देहरादून 19 नवंबर । कुसुम सदन वार्ड नंबर 53 अजबपुर में भव्य सुंदरकांड पाठ एवं धार्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त एवं नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज पहुँचे। इस अवसर पर युवराज आदित्य बुढाकोटी के मंगलमय वैवाहिक जीवन, सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में स्वामी रसिक महाराज ने श्री हनुमान जी की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि सुंदरकांड केवल धार्मिक पाठ नहीं, बल्कि जीवन में साहस, विश्वास, समर्पण और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देने वाला पवित्र ग्रंथ है। हनुमान जी की भक्ति हमें सिखाती है कि सच्चा भक्त अहंकार से दूर रहकर प्रभु के चरणों में अपना सर्वस्व समर्पित करता है।
महाराज जी ने कहा कि श्री हनुमान जी की भक्ति केवल मंदिर में पूजा करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि हमारे आचरण, सेवा, विनम्रता, सत्य और परोपकार में भी दिखाई देनी चाहिए। हनुमान जी ने अपनी शक्ति का उपयोग सदैव प्रभु श्रीराम के कार्य, धर्म की रक्षा और जनकल्याण के लिए किया। उनकी भक्ति में निष्काम सेवा, अटूट विश्वास और पूर्ण समर्पण सर्वोपरि है।
उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति श्रीराम नाम का स्मरण करते हुए हनुमान जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाता है, उसके जीवन में भय, निराशा और अहंकार का स्थान नहीं रहता। सुंदरकांड का पाठ प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का संचार करता है।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से सुंदरकांड पाठ में सहभागिता की तथा श्री हनुमान जी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा । इस अवसर पर साध्वी माँ देवेश्वरी जी , आचार्य दामोदर नौडियाल, आचार्य महावीर पंत, आचार्य जर्नादन नौटियाल, अमन जुयाल, आदित्य बुडाकोटी , राधाकृष्ण बुडाकोटी , निधि देवरानी , कुसुम बुडाकोटी एवं बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे।