ऋषिकेश की बेटी का बुलंद फैसला, नशे के खिलाफ वापस लौटा दी बारात – Bhilangana Express

ऋषिकेश की बेटी का बुलंद फैसला, नशे के खिलाफ वापस लौटा दी बारात

नशे में पहुंचा था दूल्हा, दुल्हन को नागवार गुजरा वापस लौटा दी बारात
लड़की से छुपाई गई थी दूल्हे के नशा करने की बात, वर पक्ष की बात मानकर अपना घर छोड़ कोटद्वार शादी करने आया था वधू पक्ष

KOTDWAR: उत्तराखंड में पनप रही नशे की लत को करारा जवाब देते हुए एक साहसी दुल्हन ने दूल्हे को नशे में देखकर शादी से इंकार कर दिया और बारात वापस लौटा दी। दुल्हन के इस फैसले ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है तो वही उन हजारों लाखों लड़कियों को भी एक प्रेरणा देने का काम किया है जो लोग लाज के भय से ना चाहते हुए भी नशे की प्रवृत्ति को झेलने को विवश है।
यह घटना भाबर क्षेत्र के अंतर्गत प्रकाश में आई है जहां दूल्हा जब अपनी ही शादी में नशे की हालत में पहुंचा तो दुल्हन का गुस्सा फूट पड़ा और उसने दुल्हे को बारात समेत वापस लौटा दिया।

बताया जा रहा है कि यह युवती ऋषिकेश क्षेत्र की रहने वाली है। जबकि युवक नौगांव का रहने वाला है। लड़के वालों ने शादी के लिए यह शर्त रखी थी कि वह ऋषिकेश बारात लेकर नहीं जा सकते, इसलिए लड़की पक्ष कोटद्वार से शादी करें। अपनी बेटी की खुशियों के लिए लड़की के पिता वर पक्ष की इस बात को मानने के लिए भी तैयार हो गए।

लड़की पक्ष ने भाबर क्षेत्र के झंडीचौड़में अपने रिश्तेदार के घर से शादी करने की तैयारी की। मंगलवार को दिन के समय जब लड़के पक्ष के लोग बारात लेकर पहुंचे तो लड़की का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि दुल्हा नशे की हालत में बारात लेकर पहुंचा था। दुल्हन ने बताया कि उनसे लड़के के नशा करने की बात छुपाई गई थी। जबकि युवती नशे के खिलाफ है।

दुल्हे को नशे की हालत में देख दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया और दुल्हन के इस फैसले में उसके परिजनों ने भी पूरा साथ दिया। जिससे मजबूर होकर दुल्हे पक्ष के लोगों को बैरंग बारात वापस ले जानी पड़ी। दुल्हन के इस कदम की पूरे क्षेत्र में तारीफ की जा रही है।