मोबाइल गेम के फेर में फंसी सगी बहनें पहुंच गईं असम – Bhilangana Express

मोबाइल गेम के फेर में फंसी सगी बहनें पहुंच गईं असम

मोबाइल गेम ने पहुंचाया असम

नेहरू कालोनी क्षेत्र से गुमशुदा 02 सगी बहनो को दून पुलिस ने असम से किया सकुशल बरामद

मोबाइल पर गेम खेलने के दौरान बडी बहन की असम में किसी से हो गई थी दोस्ती, जिससे मिलने घरवालों को बिना बताये छोटी बहन को लेकर असम पहुंच गई थी युवती

देहरादून: दिनाँक 22-02-2024 को वादी निवासी नेहरू कालोनी द्वारा थाने पर आकर सूचना दी कि उनकी दोनो पुत्रियां बिना बताये घर से कहीं चली गई हैं। जिस पर थाना नेहरू कालोनी पर तत्काल दोनो युवतियों की गुमशुदगी पंजीकृत कर युवतियों की बरामदगी हेतु टीम गठित की गई।

गठित टीम द्वारा सुरागरसी-पतारसी करते हुए इलेक्ट्रानिक सर्विलांस के माध्यम से दोनो युवतियों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गई तो उक्त दोनो युवतियों के असम में होने की जानकारी पुलिस टीम को प्राप्त हुई, जिस पर तत्काल टीम को युवतियों की सकुशल बरामदगी हेतु असम रवाना किया गया।

टीम द्वारा असम पहुंचकर उक्त युवतियों के सम्बन्ध में जानकारी एकत्रित कर उन्हें सकुशल बरामद किया गया। गुमशुदा युवतियों से पूछताछ में उनके द्वारा बताया गया कि वह अपने मोबाइल पर लीजेण्ड गेम खेलती हैं तथा उक्त मोबाइल लीजेण्ड गेम के माध्यम से उनकी असम में किसी से फ्रेंडशिप हो गई थी, जिससे मिलने के लिये वो असम आई थी।

दोनो युवतियों को वापस देहरादून लाकर सकुशल उनके माता-पिता के सुपुर्द किया गया।