
*ऐसी घटनाओं में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को संयम रखने की जरूरत : भट्ट*
*कांग्रेस विधायकों ने आईएस से मारपीट और घर में पत्थरबाजी की, आज तक माफी नहीं मांगी : भट्ट*
देहरादून 22 फरवरी। भाजपा ने रायपुर विधायक से ज़बाब तलब और उनके द्वारा घटना के लिए माफी मांगे जाने के बाद, सभी से इस प्रकरण को अनावश्यक तूल नहीं देने का आग्रह किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने कहा, इस प्रकार की घटनाओं में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को संयम रखने की जरूरत है। फिलहाल मुकदमा दर्ज है और कानूनी कार्रवाई को समय दिए जाने की आवश्यकता है। वहीं विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस विधायकों ने ऑफिस में मारपीट के साथ घर में पत्थरबाजी की गई, लेकिन आज तक माफी नहीं मांगी, हम तो स्पष्टतः ऐसी घटनाओं की भर्त्सना करते हैं।
पार्टी मुख्यालय में मीडिया के सवालों का ज़बाब देते हुए कहा कि इस प्रकरण को पार्टी ने पूरी गंभीरता से लिया है, जिसके बाद देर रात विधायक श्री उमेश काऊ ने उनके सामने अपना पक्ष रखा है। जिसमें उनके द्वारा घटना को लेकर खेद भी जताया गया। फिलहाल विधायक द्वारा समर्थकों के साथ शिक्षा अधिकारी की घटना के लिए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांग ली गई है। मुझे लगता है, अब इस मुद्दे पर अनावश्यक चर्चा या तूल देने से सभी को बचना चाहिए। वहीं स्पष्ट किया कि पार्टी किसी भी तरह के उपद्रव, अराजकता या अशोभनायीय व्यवहार के पक्ष में नहीं है, चाहे वह जनप्रतिनिधि हो, पार्टी पदाधिकारी हो, कार्यकर्ता हो या अन्य कोई व्यक्ति। वहीं अधिकारी कर्मचारियों को भी ध्यान रखना चाहिए कि वे जनप्रतिनिधियों से किस तरह का व्यवहार करें। यह हमारी देवभूमि है और इस तरह का कोई भी व्यवहार न राजनैतिक दलों को स्वीकार है और न ही समाज इसे स्वीकार करता है, लिहाजा सभी को संयम रखना चाहिए। अब चूंकि पूरे मामले को लेकर एफआईआर भी दर्ज हो गई है, लिहाजा कानूनी प्रक्रिया को समय दिए जाने की जरूरत है।