आजादी के पर्व को गरिमा और भव्यता से मनाने की तैयारी, जिला प्रशासन ने कसी कमर – Bhilangana Express

आजादी के पर्व को गरिमा और भव्यता से मनाने की तैयारी, जिला प्रशासन ने कसी कमर


*स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर डीएम डॉ0 आशीष चौहान ने की समीक्षा बैठक*

*आजादी के पर्व को गरिमा और भव्यता से मनाने की तैयारी, जिला प्रशासन ने कसी कमर*

*देहरादून. जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने समारोह स्थल पर सीटिंग प्लान, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समारोह स्थल पर अतिथियों एवं आमजन के बैठने की व्यवस्था के लिए स्पष्ट एवं व्यवस्थित सीटिंग प्लान तैयार किया जाए। पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही समारोह स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाए।

उन्होंने विद्युत आपूर्ति एवं वैकल्पिक व्यवस्था की भी समुचित तैयारी रखने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने पुलिस एवं संबंधित विभागों को यातायात प्लान तैयार कर समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग स्थलों को चिन्हित करने, वाहनों के आवागमन के लिए आवश्यक रूट डायवर्जन एवं यातायात प्रबंधन की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से संबंधित सभी तैयारियां आपसी समन्वय से पूर्ण की जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। समारोह स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं का पूर्व निरीक्षण करते हुए कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश भी दिए गए।