जनता नहीं करेगी माफ, पहले किया हाफ, अब करेगी साफ – Bhilangana Express

जनता नहीं करेगी माफ, पहले किया हाफ, अब करेगी साफ

*कांग्रेस जीत के दावे ख्याली पुलाव, देवभूमि के अपमान का जनता सिखाएगी सबक : भट्ट*

*राहुल कॉन्ग्रेस को जनता नहीं करेगी माफ, पहले किया हाफ, अब करेगी साफ : भाजपा*

देहरादून। भाजपा ने कांग्रेसी जीत के दावों को वो ख्याली पुलाव बताया, जिसकी दावत जनता उनको कभी नही देने वाली है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने आईना दिखाया कि उत्तराखंड के स्वाभिमान को राहुल गांधी के सामने गिरवी रखने वालों को जनता इस बार माफ नहीं करेगी। पहले दो विधानसभा चुनावों में जनता ने कांग्रेस को हाफ किया था इस बार पूरी तरह साफ कर देगी।

उन्होंने तंज कसा कि पूरे 5 साल जनता के बीच से गायब रहने वाली कांग्रेस अभी अभी चुनावों के लिए जागी है। शायद अभी नींद की खुमारी है और इसके चलते उनके नेता जीत को लेकर मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं।

उन्होंने कहा हमारी सरकार ने हर वो कार्य किया जिसकी जनता को हमसे अपेक्षा थी और जो राज्य निर्माण के सपनों के अनुरूप था। ऐसा कोई वादा नहीं रहा इसे हमारी सरकार ने पूरा नहीं किया बल्कि उम्मीद से भी बढ़कर विकास और जलकल्याण के क्षेत्र में काम किए गए हैं। धामी सरकार जन जन की सरकार बनकर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा अब चूंकि न कांग्रेस धरातल पर मौजूद है और न ही उनके पास जनहित की मंशा है, लिहाजा उनका जीत को लेकर मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखना स्वाभाविक है। प्रदेश की जनता 2014 से अब तक पांच लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को नकार कर चुकी है। उसपर जिस तरह राहुल गांधी लगातार देवभूमि गौरव राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डोभाल का अपमान कर रहे हैं, उससे जनता में जबरदस्त रोष है। लिहाजा जो कांग्रेस पहले से प्रदेश में हाफ है उसे जनता इस बार पूरी तरह साफ कर देगी।