मुख्यमंत्री धामी ने लखनऊ में उत्तराखण्ड महोत्सव में किया प्रतिभाग, प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहने का किया आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा- उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड का संबंध सहोदर भाइयों जैसा, दोनों राज्यों की प्रगति एक-दूसरे की प्रगति से जुड़ी
उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और लोकसंस्कृति को संरक्षित रखना हम सभी का दायित्व : मुख्यमंत्री
उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की मुख्यमंत्री ने की सराहना, गंगा एक्सप्रेसवे एवं निवेश से प्रदेश को मिल रही नई गति
उत्तराखण्ड में बदरीनाथ मास्टर प्लान, केदारनाथ पुनर्निर्माण, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर और चारधाम यात्रा से विकास को मिल रही नई दिशा*
उत्तराखण्ड में सख्त भू-कानून, नकल विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं एवं प्रदेश के हितों की रक्षा : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन, लखनऊ में उत्तराखंड महापरिषद द्वारा आयोजित उत्तराखण्ड महोत्सव 2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश में निवास कर रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों को अपनी संस्कृति, परंपराओं, लोकभाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और विशिष्ट जीवनशैली में निहित है। भौगोलिक रूप से हम कहीं भी रहें, लेकिन अपनी मातृभूमि, अपनी बोली-भाषा और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जुड़ाव सदैव बनाए रखना चाहिए। अपनी जड़ों से जुड़कर रहना हमारी भावी पीढ़ियों को अपनी पहचान और विरासत से परिचित कराने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार प्रवासी उत्तराखण्डियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने और राज्य के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों से लगातार प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इन सम्मेलनों के माध्यम से देश-विदेश में रह रहे उत्तराखण्ड के प्रवासियों को एक मंच पर लाकर उनके अनुभवों, ज्ञान, कौशल, निवेश और सामर्थ्य का लाभ प्रदेश के विकास में लेने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। वे जहां भी रहते हैं, अपनी मेहनत, प्रतिभा और कार्यकुशलता से उत्तराखण्ड का नाम रोशन करते हैं। मुख्यमंत्री ने उनसे अपने गांवों, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास में भी योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के आपसी संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश हमारा सहोदर भाई है। दोनों राज्यों के बीच केवल भौगोलिक और प्रशासनिक संबंध ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भावनात्मक जुड़ाव भी है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी हुई है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि केदारनाथ धाम में भव्य पुनर्निर्माण कार्य और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के अंतर्गत श्रद्धालुओं की सुविधाओं, आध्यात्मिक वातावरण और आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित इन परियोजनाओं से उत्तराखण्ड की धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली और उत्तराखण्ड के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा। इससे पर्यटन, व्यापार, उद्योग और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व संभावनाएं हैं। इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। हेमकुंड साहिब में भी लगभग 3.90 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाबा नीम करौली महाराज से जुड़े धार्मिक स्थलों को जोड़ते हुए आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने की दिशा में भी कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और प्रदेश की विशिष्ट पहचान को संरक्षित करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक समानता और न्याय की दिशा में ऐतिहासिक पहल की गई है। राज्य के हितों और स्थानीय नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए सख्त भू-कानून लागू किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध सख्त प्रावधान लागू किए गए हैं।