पवाणी गांव अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा – Bhilangana Express

पवाणी गांव अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने पवाणी गांव पहुंचकर अग्निकांड प्रभावित परिवारों से की मुलाकात, साझा किया उनका दुःख-दर्द

प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर मुख्यमंत्री ने प्रत्येक पीड़ित से व्यक्तिगत रूप से की बातचीत, सुनीं समस्याएं और जरूरतें

सर्दी एवं संभावित बर्फबारी को देखते हुए प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल सुरक्षित आवास की व्यवस्था करने के निर्देश

अग्निकांड में नष्ट हुए छह माह के राशन की होगी व्यवस्था, बच्चों की शिक्षा बाधित न हो इसके लिए भी किए जाएंगे आवश्यक प्रबंध

मुख्यमंत्री ने कहा- सरकार का एक-एक अधिकारी और पूरा तंत्र प्रभावित बच्चों, माताओं-बहनों, बुजुर्गों और प्रत्येक पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है

जलाशय, हेलीपैड सहित गांव की दीर्घकालिक जरूरतों पर भी होगा काम, फिलहाल प्रभावितों को तत्काल राहत और पुनर्वास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद उत्तरकाशी की मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और भीषण अग्निकांड से हुई क्षति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा सुनी तथा प्रत्येक पीड़ित से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और अपेक्षाओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और प्रत्येक प्रभावित परिवार को इस संकट से उबारने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड में हुए नुकसान का विस्तृत एवं वास्तविक आकलन किया जाए तथा प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता के साथ उनकी जरूरतों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पवाणी गांव की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य जरूरी विकास कार्य भी किए जाएंगे, लेकिन वर्तमान में सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता अग्निकांड प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनके जीवन को फिर से सामान्य बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सबसे पहले प्रभावित परिवारों के रहने के लिए सुरक्षित और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सर्दी का मौसम होने तथा क्षेत्र में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे किसी भी परिवार को प्रतिकूल मौसम में कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निकांड में ग्रामीणों के घरों के साथ ही वहां सुरक्षित रखा गया छह माह का राशन भी नष्ट हो गया है। ऐसे में प्रभावित परिवारों के सामने खाद्यान्न की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए आगामी छह माह के राशन की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राशन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही प्रभावित परिवारों की अन्य दैनिक आवश्यकताओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों के बच्चों, माताओं-बहनों और बुजुर्गों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

इस अवसर पर विधायक दुर्गेश्वर लाल एवं ग्रामीणों ने अग्निकांड की घटना का तत्काल संज्ञान लेने, लगातार स्थिति की जानकारी लेने तथा प्रभावित परिवारों तक शीघ्र राहत एवं सहायता पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।