पुलिस “पी कैप” की शोशेबाजी से धौंस दिखाने की कोशिश पड़ गई महंगी – Bhilangana Express

पुलिस “पी कैप” की शोशेबाजी से धौंस दिखाने की कोशिश पड़ गई महंगी

*पिता की पुलिस वर्दी व पी-कैप का खुमारी दून पुलिस ने एक झटके में उतारी*

*वाहन में वर्दी व पी कैप रखकर नशे की हालत में वाहन चलाने वाले युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार*

अभियुक्त द्वारा रौब झाड़ने के लिए अपने पिता की वर्दी व पी कैप को रखा था गाड़ी में

दून में भी दिख रही है डैश बोर्ड में पी कैप रख रौब दिखाने की गतिविधियां

वर्तमान में संचालित चारधाम यात्रा व पर्यटन सीजन के दृष्टिगत कोतवाली मसूरी क्षेत्र में यातायात का दबाव निरंतर बढ़ रहा है, आमजन की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान लाइब्रेरी चौक पर वैगनआर कार संख्या UP 15 DZ 2906 आती दिखाई दी, जिसके डैशबोर्ड पर उत्तरप्रदेश पुलिस की पी-कैप व पिछले दरवाजे पर हैंगर में उत्तरप्रदेश पुलिस के उपनिरीक्षक की वर्दी टंगी नजर आई, जिस पर शक होने पर उक्त वाहन को रोक कर चेक किया तो वाहन चालक द्वारा अपना नाम विनय सिंह पुत्र संजय सिंह निवासी मेरठ (उत्तर प्रदेश) बताया, जो नशे की हालत में वाहन चलाता हुआ मिला, जिसके साथ उसके तीन अन्य साथी भी वाहन में बैठे मिले।

उक्त युवक से उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी और पी कैप के संबंध में पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत है और टोल टैक्स व पार्किंग शुल्क से बचने व अन्य स्थलों पर अपने को पुलिस विभाग से जुड़ा होने का फायदा उठाने के लिए उसके द्वारा उक्त सरकारी वर्दी व पी कैप अपने साथ रखी गई थी, पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही करते हुए वाहन चालक को नशे में वाहन चलाने पर व नियमो का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार कर वाहन को सीज किया गया।