30 से अधिक वरिष्ठ सेवानिवृत्त शिक्षकों को एक साथ एक ही मंच पर सम्मानित किया गया – Bhilangana Express

30 से अधिक वरिष्ठ सेवानिवृत्त शिक्षकों को एक साथ एक ही मंच पर सम्मानित किया गया

*केंद्रीय विद्यालय एच.बी.के. नंबर 1 में मनाया गया शिक्षक दिवस

पूर्व छात्रों ने एक मंच पर जुटाए 30 सेवानिवृत्त शिक्षक

देहरादून, 5 सितंबर 2026: केंद्रीय विद्यालय एच.बी.के. नंबर 1 (KV HBK No. 1) एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से आज शिक्षक दिवस अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में विद्यालय के इतिहास में पहली बार 30 से अधिक वरिष्ठ सेवानिवृत्त (Retired) शिक्षकों को एक साथ एक ही मंच पर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर 93 वर्षीय जे.पी. सिंह स्वयं गाड़ी चलाकर पहुंचे और जीवंतता से प्रेरणा स्रोत बने। उन्होंने सभी पूर्व छात्रों और वर्तमान विद्यार्थियों को अपना अमूल्य आशीर्वाद दिया।

एलुमनाई एसोसिएशन द्वारा दिए गए अभूतपूर्व मान-सम्मान और ‘स्क्रॉल ऑफ ऑनर’ (सम्मान पत्र) को पाकर सभी शिक्षक अत्यंत भावुक हो गए। अपने पुराने छात्रों के इस सुंदर प्रयास और आदर भाव को देखकर कई वरिष्ठ गुरुजनों की आंखें नम हो गईं। शिक्षकों ने कहा कि जीवन के इस मोड़ पर अपने छात्रों को सफल और संस्कारी देखना ही उनकी ज़िंदगी की सबसे बड़ी कमाई है।

समारोह को सफल बनाने में मयंक शर्मा प्रधानाचार्य, KV HBK No. 1, प्रबोध ममगाईं महासचिव, एलुमनाई एसोसिएशन एवं उनकी कोर कार्यकारी समिति के सदस्य भगत दर्शन, कर्नल अमरदीप, ग्रुप कैप्टन रमेश त्रिपाठी और राकेश बडोला ने अपना सहयोग दिया।

प्रबोध ममगाईं महासचिव ने जानकारी देते हुवे बताया कि वर्तमान में देहरादून के पूरे परिदृश्य में KVHBK एलुमनाई एसोसिएशन ही एकमात्र ऐसी पूरी तरह सक्रिय और कार्यरत यूनिट है, जो अपनी संस्था और गुरुओं की सेवा में निरंतर समर्पित है।