उत्कृष्ट छायांकन कला को समर्पित एक विशेष फोटो प्रदर्शनी एवं फोटो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

​देहरादून। 7 सितंबर, 2026: उत्तराखंड न्यूज़ कैमरामैन एसोसिएशन (UNCA) द्वारा आज ‘दून लाइब्रेरी एवं शोध केंद्र’ में उत्कृष्ट छायांकन कला को समर्पित एक विशेष फोटो प्रदर्शनी एवं फोटो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में एसोसिएशन के सदस्यों द्वारा ली गई संवेदनशील और प्रभावशाली तस्वीरों के माध्यम से उत्तराखंड के विविध रंगों, लोक-संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और समसामयिक विषयों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया।
​प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ निशंक ने कहा कि मोबाइल फोन ने फोटोग्राफी को लोकतांत्रिक बना दिया है कोई भी व्यक्ति घटना का फोटो या वीडियो बना सकता है और कुछ ही क्षणों में उसे सोशल मीडिया पर डाल सकता है लेकिन तस्वीर लेना और फोटो जर्नलिज्म करना दोनों एक बात नहीं है। उन्होंने कहा कि फोटो जर्नलिस्ट केवल तस्वीर नहीं बनता वह समय को दर्ज करता है वह घटनाओं का साक्षी होता है वह समाज का आईना होता है वह इतिहास के उन चरणों को सुरक्षित करता है जिन्हें आने वाली पीढ़ियां वर्षों बाद देखकर सीख लेती है।
इस अवसर पर यूएनसीए के अध्यक्ष राजू पुशोला ने कहा की फोटो जर्नलिज्म के सामने एआई तकनीक एक गंभीर सवाल खड़ा कर रही है सबसे बड़ी लड़ाई विश्वसनीयता की है। उन्होंने कहा कि एक वास्तविक फोटो जर्नलिस्ट की सबसे बड़ी ताकत उसका कैमरा नहीं बल्कि उसकी इमानदारी उसका अनुभव उसकी नजर और सत्य के प्रति उसकी प्रतिबद्धता होती है।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होता है कि हमारी तस्वीरों में हमेशा सत्यता रहे हमारी नजर में संवेदना रहे हमारे कमरे में जिम्मेदारी रहे और फोटो जर्नलिज्म में विश्वसनीयता हमेशा जीवित रहे।
इस अवसर पर फोटो प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। मॉनसून थीम पर आधारित इस फोटो प्रतियोगिता में प्रथम स्थान दून यूनिवर्सिटी की छात्रा समृद्धि ने प्राप्त किया। द्वितीय पुरस्कार रितिका पाल को मिला वह रिद्धि तीसरे स्थान पर रही।
इसी के साथ सुवानी कृष्णा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। आयोजन के दौरान मुख्य अतिथि ने प्रतिभा करने वाले सभी फोटो जर्नलिस्ट को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान वरिष्ठ कैमरामैन किशोर अरोड़ा व फोटोग्राफर इंद्रदेव रतूड़ी और जितेंद्र नेगी को मीडिया जगत में अपनी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। हाल ही में उत्तराखंड सिने अवार्ड में सर्वश्रेष्ठ खलनायक का पुरस्कार पाने वाले कैलाश कंडवाल को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पुनीत मित्तल तथा बीर सिंह पवार ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम के दौरान दून विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष ‘फोटो जर्नलिज्म कार्यशाला’ का आयोजन भी किया गया, जिसमें अनुभवी छायाकारों ने विद्यार्थियों को फील्ड रिपोर्टिंग और फोटोग्राफी की बारीकियों से अवगत कराया।
​समारोह के दौरान उत्तराखंड न्यूज़ कैमरामैन एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू पुशोला, सचिव मुकेश राजपूत, उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष कैलाश कंडवाल, सह-सचिव अफजाल अहमद तथा कार्यकारिणी सदस्य अमित शर्मा व दयाल बिष्ट, संजय नेगी, नवीन कुमार, उमाशंकर कुकरेती, बिपिन नौटियाल, अजय लाल, सतपाल गांधी व मनीष पंडित
सहित कई अतिथिगण मौजूद रहे।
​कार्यक्रम का संचालन यूएनसीए के सचिव मुकेश राजपूत ने किया।