नारी शक्ति के जागरण और अंतर्मन के रावण को जलाने का स्वामी रसिक महाराज ने किया आह्वान – Bhilangana Express

नारी शक्ति के जागरण और अंतर्मन के रावण को जलाने का स्वामी रसिक महाराज ने किया आह्वान

नारी शक्ति के जागरण और अंतर्मन के रावण को जलाने का स्वामी रसिक महाराज ने किया आह्वान

श्रीमद् देवी भागवत कथा के पांचवें दिन धर्म जागरण, नारी सम्मान और सामाजिक मर्यादाओं पर दिया संदेश

देहरादून । राजेश्वर नगर फेज-1 स्थित सामुदायिक भवन, आईटी पार्क चौराहे के सामने, सहस्रधारा रोड पर आयोजित दिव्य श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा के पांचवें दिन नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने नारी शक्ति के जागरण, नारी पुनरुत्थान और धर्म के पुनर्जागरण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में वास्तविक परिवर्तन तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति अपने आचरण में धर्म, मर्यादा और नारी सम्मान को स्थान दे।

स्वामी रसिक महाराज ने दशहरे पर रावण दहन की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि केवल पुतला जलाने से बुराइयों का अंत नहीं होता। हमें अपने भीतर छिपे अहंकार, वासना, क्रोध, लोभ और अहंभाव रूपी रावण को भी जलाना होगा। जब व्यक्ति स्वयं के भीतर की बुराइयों पर विजय प्राप्त करेगा, तभी समाज में सच्चे अर्थों में धर्म और सदाचार की स्थापना होगी।
नारी सम्मान पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुरुष को महिलाओं के प्रति पवित्र दृष्टिकोण रखना चाहिए। कन्या में पुत्री, युवती में बहन और वृद्ध महिला में मां का स्वरूप देखने की भारतीय संस्कृति की परंपरा समाज को मर्यादित और संस्कारित बनाती है। उन्होंने कहा कि विवाह संस्था का मूल भाव निष्ठा, एकनिष्ठता और पारिवारिक मर्यादा है। अनेकता में एकता का संदेश देते हुए उन्होंने सभी से महिलाओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा करने की अपील की।

कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने धर्म, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जुड़े विचारों का श्रवण किया। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के पूर्व लोकायुक्त श्री एम.एम. घिल्डियाल, दून रत्न से सम्मानित डॉ. राजेश्वर प्रसाद जोशी, श्रीमती सुबोधनी जुयाल, श्रीमती कांती जोशी, श्रीमती सरोजनी डोबाल, श्री आर.पी. शर्मा तथा सेवानिवृत्त कर्नल डी.के. घिल्डियाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति , साध्वी मां देवेश्वरी जी, वेदाचार्य सुमन कुकरेती जी, यज्ञाचार्य राकेश लखेड़ा जी, आचार्य भूपेंद्र भट्ट जी और आचार्य वसंत भदूला जी सहित धर्माचार्यों की उपस्थिति रही।

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रुचि भट्ट तथा क्षेत्रीय पार्षद ने भी व्यासपीठ पर पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कथा में उपस्थित श्रद्धालुओं ने धर्म, नारी सम्मान और सामाजिक सद्भाव के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।