देवप्रयाग संगम पर हुआ बड़ा हादसा, बह गया कृषि विभाग का अधिकारी – Bhilangana Express

देवप्रयाग संगम पर हुआ बड़ा हादसा, बह गया कृषि विभाग का अधिकारी

देवप्रयाग: उत्तराखंड के धार्मिक स्थल देवप्रयाग संगम पर आज एक बड़ा हादसा हो गया जिसमें हरियाणा राज्य में कृषि विभाग के एक संयुक्त निदेशक गंगा की धार में बह गए। सूचना के बाद रेस्क्यू अभियान चलाया गया लेकिन शाम हो जाने के कारण इसे बीच में ही रोकना पड़ा। शुक्रवार सुबह पुनः संयुक्त निदेशक को तलाशने का कार्य किया जाएगा।

यह हादसा आज उस वक्त हुआ जब हरियाणा कृषि विभाग में सेवारत ज्वाइंट डायरेक्टर जगराज डांडी (54) अपनी पत्नी नीता व बेटी के साथ बीते बुधवार को ऋषिकेश घूमने आए थे। ऋषिकेश से परिवार देवप्रयाग पहुंचा और इसी दौरान संगम पर दर्शन के लिए गए। देवप्रयाग संगम मैं अलकनंदा नदी के किनारे पत्थर पर कृषि अधिकारी ने जैसे ही पैर रखा, तो उनका पैर फिसल गया और वह गंगा के तेज बहाव में बह गए। पूरा परिवार किनारे पर असहाय खड़ा मदद के लिए पुकारता रहा। संगम पर मौजूद अन्य लोगों द्वारा देवप्रयाग पुलिस को घटना की जानकारी दी गई जिसके बाद पुलिस एवं एसडीआरएफ समेत अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

गैर राज्य के एक आला अधिकारी के गंगा में बह जाने के बाद रेस्क्यू अभियान चलाया गया लेकिन तमाम कोशिशें नाकाम साबित हुई। देर शाम तक चलाए गए अभियान के बावजूद कृषि अधिकारी का कुछ पता नहीं चल पाया। कल पुनः संयुक्त निदेशक को तलाश करने का रेस्क्यू चलाया जाएगा लेकिन यहां सबसे बड़ी दिक्कत लगातार हो रही बारिश को लेकर है जिस कारण नदी का स्तर और वेद दोनों ही काफी बढ़ा हुआ है।