पत्रकार को घर से उठाने पर उठाए सवाल, सीएम को भेजा ज्ञापन – Bhilangana Express

पत्रकार को घर से उठाने पर उठाए सवाल, सीएम को भेजा ज्ञापन

पत्रकार हेम भट्ट को रात्रि के समय उनके निजी आवास से कथित रूप से अनैतिक एवं असंवैधानिक तरीके से पुलिस द्वारा हिरासत में लिये जाने के प्रकरण को लेकर आज अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति, उत्तराखंड के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार के नाम ज्ञापन प्रेषित किया गया।

जिलाधिकारी, देहरादून के प्रतिनिधि के रूप में सिटी मजिस्ट्रेट  प्रत्यूष सिंह ने ज्ञापन प्राप्त किया।

इस दौरान अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के प्रदेश अध्यक्ष अनुपम खत्री ने नव नियुक्त जिलाधिकारी डॉ० आशीष चौहान का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा पूरे प्रकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी उन्हें दी। जिलाधिकारी डॉ० आशीष चौहान ने मामले पर गंभीरता से संज्ञान लेने एवं विषय को संवेदनशीलता के साथ देखने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के प्रदेश अध्यक्ष अनुपम खत्री द्वारा किया गया। ज्ञापन में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किये जाने की मांग उठाई गई।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि किसी पत्रकार से पूछताछ अपेक्षित थी, तो उसके लिए संवैधानिक एवं वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया जाना चाहिए था। रात्रिकालीन पुलिस कार्यवाही से पत्रकार समुदाय, उनके परिवारों तथा समाज में असुरक्षा एवं भय की भावना उत्पन्न हुई है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंताजनक विषय है।

प्रतिनिधिमंडल में संगठन महासचिव राजकमल, वरिष्ठ पत्रकार शिव प्रसाद सती, पुनीत चौधरी, उत्तराखंड क्रांति सेना के अध्यक्ष ललित श्रीवास्तव, शौर्य, कृष्णा, निशांत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान पत्रकार जगत से जुड़े कई लोगों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और पत्रकार सुरक्षा के मुद्दे पर गंभीर चिंता व्यक्त की।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पूरे प्रकरण की जांच किसी पूर्व न्यायाधीश अथवा पूर्व मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित स्वतंत्र समिति से कराई जाए, ताकि निष्पक्षता एवं जनविश्वास सुनिश्चित हो सके।