श्री बद्रीनाथ धाम में वित्तीय अनियमितता मामला: क्या कुछ और होंगे खुलासे? आरोपी नौटियाल को जेल

 

श्री बद्रीनाथ धाम में वित्तीय अनियमितता मामले में SIT जांच के बाद मंदिर समिति का कार्मिक देहरादून से गिरफ्तार के बाद भेजा जेल

श्री बद्रीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री में वित्तीय अनियमितता के मामले में चमोली पुलिस ने अभियुक्त प्रमोद नौटियाल को देहरादन से गिरफ्तार किए जाने के बाद १४ दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

08 जुलाई, 2026 को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की लिखित तहरीर में उल्लेख किया गया था कि 02 जुलाई, 2026 को श्री बद्रीनाथ मंदिर में थाली भेंट की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की सूचना मिलने पर अध्यक्ष, श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के आदेशानुसार गठित विभागीय जांच समिति की प्राथमिक जांच में मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियालद्वारा थाली भेंट गणना स्थल से धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री को अवैध रूप से अपने निजी हित में चोरी-छिपे ले जाने के तथ्य सामने आए।

मामले में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में SIT द्वारा विवेचना के दौरान घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया तथा वादी व गवाहों के बयान दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त, दिनांक 02 जुलाई, 2026 की थाली भेंट गणना कक्ष की सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण में स्पष्ट पाया गया कि अभियुक्त प्रमोद नौटियाल कई बार गणना कक्ष से धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री को अपने मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा अपनी जेब में रखकर अवैध रूप से बाहर ले जा रहा था।

विवेचना के दौरान यह भी प्रकाश में आया कि अभियुक्त द्वारा अलग-अलग समय पर ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला तथा केसर के पैकेट को अवैध रूप से अपने कब्जे में लिया गया।

सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर पुलिस टीम ने द्वारा कल रात्रि अभियुक्त प्रमोद नौटियाल को उसके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। आज अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।