“हर घर तिरंगा” अभियान के सफल संचालन के लिए भाजपा प्रदेश टोली गठित

*हर घर तिरंगा अभियान से राज्य में देशभक्ति की अलख जगाएगी भाजपा

देहरादून। भाजपा, व्यापक स्वरूप में हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा अभियान से राज्य भर देशभक्ति की अलख जगाने जा रहे हैं। जिसके तहत 14 अगस्त से घर घर तिरंगा फहराने के साथ पदयात्रा, शहीदाें का सम्मान, जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ा जायेगा। सभी कार्यक्रमों के सफल समन्वय, संचालन और सफलता के दृष्टिगत प्रदेश टीम का गठन भी किया गया है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने जानकारी देते हुए कहा किे विगत वर्षों की तरह इस बार 10 अगस्त से 15 अगस्त तक घर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। मंडल स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों के क्रम में 13 से 15 अगस्त के दौरान राज्य के प्रत्येक घर में तिरंगा लगाने के लक्ष्य पर कार्य किया जाएगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट के संयोजन में प्रदेश की अभियान टीम का गठन किया गया है। अभियान को लेकर अपने संदेश में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा हर घर तिरंगा अभियान आज एक राष्ट्र भक्ति का जन आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है। इसने प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और आत्मीयता की भावना को और सशक्त किया है। प्रत्येक वर्ष सभी देशवासी हर्ष और उल्लास के साथ राष्ट्रोत्सव के इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।

अभियान में कार्यकर्ताओं द्वारा प्रत्येक घर, सभी प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने हेतु जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, साथ ही युवाओं एवं विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति एवं संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं राष्ट्र निर्माताओं के योगदान का स्मरण किया जाएगा। प्रत्येक मंडल में 10 अगस्त से 14 अगस्त, 2026 तक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा युवा मोर्चा के नेतृत्व में इस यात्रा में अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित कराई जाएगी।