
*सेलाकुई क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का 24 घंटे के अंदर दून पुलिस ने किया खुलासा
*गिरफ्तार अभियुक्त तथा मृतक व्यक्ति पूर्व से एक- दूसरे के थे परिचित, सेलाकुई में एक ही बिल्डिंग में रहते थे किराये पर
*अभियुक्त की पुत्री के जन्मदिन की पार्टी में न बुलाने को लेकर मृतक तथा अभियुक्त के बीच हुआ था विवाद
थप्पड़ मारने पर आवेश में आकर अभियुक्त ने चाकू से मृतक व्यक्ति के सीने पर किया था वार
21 सितम्बर की देर रात्रि कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना सेलाकुई को सूचना प्राप्त हुई कि जमनपुर क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति को चाकू मार दिया है। उक्त सूचना पर थाना सेलाकुई से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा तथा घटना में घायल व्यक्ति को उपचार हेतु 108 एंबुलेंस के माध्यम से सुभारती अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सको द्वारा उक्त व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।

मृतक व्यक्ति की पहचान राजपाल पुत्र तेजराम निवासी ग्राम फोटे कुआं थाना बरखेड़ा जिला पीलीभीत उत्तर प्रदेश हाल निवासी मनोज की बिल्डिंग जमनपुर, सेलाकुई, देहरादून, उम्र- 25 वर्ष के रूप में हुई।
बताया गया है कि आरोपी जितेंद्र कुमार पुत्र दयाराम निवासी ग्राम मीरपुर हेमूपुर तहसील बीसलपुर थाना बिलसंडा जिला पीलीभीत उत्तर प्रदेश हाल निवासी मनोज की बिल्डिंग जमनपुर, सेलाकुई, देहरादून की बेटी का जन्मदिन था, इस दौरान बिल्डिंग के बाहर रास्ते उक्त बिल्डिंग में ही रहने वाले राजपाल तथा जितेंद्र कुमार के बीच शराब के नशे में किसी बात को लेकर आपसी कहा सुनी और हाथापाई हो गई, जिसमे आरोपी जितेंद्र कुमार ने चाकू से राजपाल के सीने पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया।
कल 22/09/2026 को घटना में वांछित अभियुक्त जितेंद्र कुमार पुत्र दयाराम निवासी ग्राम मीरपुर, हेमूपुर तहसील बीसलपुर, थाना बिलसंडा, पीलीभीत, उत्तर प्रदेश हाल निवासी मनोज का मकान, जमनपुर सेलाकुई, देहरादून, उम्र- 25 वर्ष, को मेंटल हॉस्पिटल रोड सहसपुर से गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू को बरामद किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि 21 सितंबर को उसकी बेटी का पहला जन्मदिन था, जिसमें उसके द्वारा अपने घर पर पार्टी रखी गई थी तथा पार्टी में अपने खास लोगों को ही बुलाया था। पड़ोस में रहने वाले राजपाल से करीब 10-15 दिन पहले उसका शराब के नशे में खाने पीने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते उन दोनों के मध्य आपसी रंजिश चल रही थी, इसी वजह से उसने राजपाल को पार्टी में नहीं बुलाया था। इस बात को लेकर उन दोनों के बीच बहस बाजी तथा मारपीट हो गयी तथा राजपाल ने उसे थप्पड़ मार दिया। जिस पर अभियुक्त जितेंद्र कुमार ने गुस्से में आकर राजपाल को मारने की नीयत से उस पर चाकू से वार कर दिया था।
*नाम पता गिरफ्तार अभियुक्त :-*
1- जितेंद्र कुमार पुत्र दयाराम निवासी ग्राम मीरपुर, हेमूपुर तहसील बीसलपुर, थाना बिलसंडा, पीलीभीत, उत्तर प्रदेश हाल निवासी मनोज का मकान जमनपुर, सेलाकुई, देहरादून, उम्र- 25 वर्ष