सरकार के कामों का संदेश, अब राजनैतिक कार्यकर्ता बनकर जन जन तक पहुंचाना है : राम माधव

*एब्सोल्यूट नहीं बल्कि हाईएस्ट मेजोरिटी, 60 पार की राजनैतिक दृष्टि से काम करना है : राम माधव

*कुछ लोग धर्म, क्षेत्र जाति, भाषा के बाद अब युवाओं को उम्र में बांटने का षडयंत्र रच रहे हैं : बांसुरी स्वराज*

*शहर से गांव तक, उत्तराखंड के विकास मॉडल की चर्चा होनी चाहिए : भट्ट*

देहरादून। भाजपा की प्रदेश संगठनात्मक बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कहा कि सिर्फ एब्सोल्यूट नहीं बल्कि हाईएस्ट मेजोरिटी 60 पार के लक्ष्य को प्राप्त करने की राजनैतिक दृष्टि से आगे बढ़ना है। वहीं सहप्रभारी एवं सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज ने चेताया कुछ लोग धर्म, क्षेत्र जाति, भाषा के बाद अब युवाओं को उम्र में बांटने में जुटे हैं, जिनका नेतृत्व का दावा तो कुछ शीघ्र सीनियर सिटीजन बनने वाले कांग्रेसी भी कर रहे हैं। लेकिन सच यह है कि ये सब नेता अंदर से राष्ट्र विरोधी, सनातन विरोधी सोच से भरे हुए हुए है, जिनका पर्दाफाश करना जरूरी है।

प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार पहुंचने पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव एवं प्रदेश सह प्रभारी श्री अरविंद मेनन और सुश्री बांसुरी स्वराज का कार्यकर्ताओं द्वारा अभूतपूर्व स्वागत किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए राम माधव ने कहा कि साढ़े चार वर्ष एक संगठनात्मक कार्यकर्ता के रूप में हम सबने पार्टी को बहुत मजबूत किया है। अब शेष समय हमें अब संगठन से राजनैतिक कार्यकर्ता की भूमिका में आकर कार्य करना है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर कार्यक्रमों का राजनीतिक संदेश जन-जन के बीच पहुंचना चाहिए। हम सरकार के विकास एवं जनकल्याण कार्यों को जनता के बीच ले जाएं, लेकिन विपक्ष की कमजोरी और नकारात्मक मंशा को भी उजागर करना जरूरी है।

इस दौरान बैठक में सह प्रभारी सुश्री बांसुरी स्वराज ने कहा कि अब वह समय आ गया है कि हमें अपने सरकारों का रिपोर्ट कार्ड लेकर चुनाव में जाना है। जिसके लिए हमें एकजुटता से पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी बनाना है।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा, संगठन में दो तरफा संवाद और प्रभावी होना चाहिए, प्रदेश का निर्णय बूथ बूथ तक पहुंचाकर स्थापित होना चाहिए और बूथों की हर समस्या का समाधान हम सबको करना चाहिए। हम सबको अपनी उपस्थिति जनता के बीच और अधिक बढ़ानी है, क्योंकि सरकार और संगठन के कार्यों के मूल्यांकन का समय आ गया है। शहर से गांव तक उत्तराखंड के विकास मॉडल की चर्चा होनी चाहिए।

प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि चुनाव में जीत के दो मूल मंत्र मेरा बूथ सबसे मजबूत और बूथ जीता, चुनाव जीता पर हमें फोकस रहना है। उन्होंने कहा, आसाम, बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र सभी जगह हमने उम्मीद से बढ़कर सफलता हासिल की है।

बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने 14 सितम्बर 2025 से अब तक संपन्न संगठन के सभी कार्यक्रमों की विस्तार से रिपोर्ट पेश की। जिसमें उन्होंने मन की बात कार्यक्रम, बूथ सशक्तिकरण, कोर कमेटी एवं अन्य कमेटी बैठकों, सेवा संकल्प अभियान, युवा संवाद कार्यक्रम, लखपति दीदी कार्यक्रम, लाभार्थी कार्यक्रम आदि तमाम सांगठनिक कार्यक्रमों एवं अभियानों की विस्तृत जानकारी दी।