
*माह फरवरी-2026 में आयोजित SSC परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह के एक और सदस्य को STF ने दिल्ली से किया गिरफ्तार
SSC द्वारा आयोजित मल्टीटास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने के प्रकरण में 01 और अभियुक्त आया एसटीएफ. की रडार में
परीक्षाओं में अनुचित साधनों के प्रयोग से सम्बन्धित अन्य अभियोगों में चल रहा था गिरफ्तार अभियुक्त वांछित
प्रकरण में पूर्व 07 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है उत्तराखण्ड STF
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ ने आज जानकारी देते हुए बताया कि SSC द्वारा आयोजित मल्टीटास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ (MTS) एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने के संबंध में दिनांक 14.02.2026 को कोतवाली नगर, देहरादून में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था। प्रकरण की संवेदनशीलता एवं तकनीकी पहलुओं को दृष्टिगत रखते हुए अभियोग की विवेचना STF उत्तराखण्ड द्वारा की जा रही है।
विवेचना के दौरान STF टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर अभियोग में संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाते हुए कड़ियों को जोड़ा गया। इसी क्रम में उक्त अभियोग में वांछित अभियुक्त अंकित कुमार पुत्र अनिल पासवान, उम्र 22 वर्ष, निवासी मुगलसराय, जनपद चंदौली, उत्तर प्रदेश को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त उक्त परीक्षा केन्द्र पर पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त था, जिसके द्वारा परीक्षा केन्द्र पर आने वाले सभी अभ्यर्थियों के आई.डी. कार्ड चैक करने के साथ ही परीक्षा केन्द्र में नकल आदि अन्य अवांछनीय गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखना था। अभियुक्त द्वारा परीक्षा केन्द्र पर लगाये गये कम्प्यूटरों का रिमोटली एक्सेस हेतु IP नकल कराने वाले गिरोह के सदस्यों को भेजी गयी थी। अभियोग की विवेचना वर्तमान में पुलिस उपाधीक्षक, STF/ANTF श्री परवेज अली द्वारा की जा रही है।
एसटीएफ. द्वारा इस प्रकरण में गिरोह के अन्य 07 अभियुक्तों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के दौरान प्रकरण से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रकाश में आई हैं। इन तथ्यों के आधार पर STF द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ. ने जानकारी देते हुए यह भी बताया कि माह नवम्बर/2025 में SSC द्वारा आयोजित टियर प्रथम मल्टी टास्किंग स्टाफ परीक्षा एवं क्लेरीकल स्टाफ की परीक्षा में हुई नकल के सम्बन्ध में कोतवाली देहरादून में पंजीकृत मु.अ.स. 398/2025 धारा 11(1),11(2),12(2),66,111(3),111(4),318(2),61 सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम पंजीकृत हुआ था, जिसमें उक्त अभियुक्त वांछित चल रहा था ।
*गिरफ्तार अभियुक्त*
अंकित कुमार पुत्र अनिल पासवान, उम्र 22 वर्ष, निवासी मुगलसराय, जनपद चंदौली, उत्तर प्रदेश।