
*उत्तराखंड की भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार व महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के खिलाफ कैंट में हस्ताक्षर अभियान*
*प्रदेश को दस सालों में भाजपा ने बनाया “मोस्ट करप्ट स्टेट” – सूर्यकांत धस्माना*
देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के दस साल के कुशासन ने उत्तराखंड को देश का सबसे भ्रष्टाचारी राज्य “मोस्ट करप्ट स्टेट” बना दिया है और महिलाओं के खिलाफ अपराध में देश के हिमालयी राज्यों में पहले पायदान पर ला कर खड़ा कर दिया है। यह बात आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य व उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कांग्रेस के प्रदेश व्यापी हस्ताक्षर अभियान का कैंट विधानसभा क्षेत्र में शुभारंभ करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि बिना लेन-देन के पटवारी से लेकर प्रदेश के सबसे आला अधिकारी तक कोई जायज काम नहीं हो सकता और पैसा खर्च कर कोई कितना भी गलत काम रुक नहीं सकता।
श्री धस्माना ने कहा कि भ्रष्टाचार की जड़ें दस साल में पूरे राज्य के सिस्टम में फैल चुकी हैं और भ्रष्टाचार में लिप्त सत्ताधारी अब सारी लोकलाज छोड़कर बेशर्मी से कुर्सियों पर काबिज हैं और जनता त्राहि-त्राहि कर रही है।
श्री धस्माना ने भाजपा पर महिलाओं की अस्मत से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अंकिता भंडारी से लेकर दो दिन पूर्व हल्द्वानी में नाबालिग के साथ गैंगरेप के मामलों में जिस तरह से सत्ताधारी भाजपा और आरएसएस के पदाधिकारी व दायित्वधारी संलिप्त हैं, उससे “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा पूरी तरह से बेमानी साबित हो चुका है और अब प्रदेश के लोग नारा लगा रहे हैं – *”भाजपाइयों से बेटी बचाओ”।*
श्री धस्माना ने कहा कि भाजपा सरकार के प्रदेश व्यापी भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेश व्यापी हस्ताक्षर अभियान चल रहा है और आगामी *26 नवंबर* को प्रदेश के लाखों नागरिकों के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन प्रदेश के श्री राज्यपाल को सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि *सोमवार को शाम पांच बजे प्रेमनगर बाजार चौक में, मंगलवार को बल्लूपुर चौक पर व बुधवार को किशननगर चौक पर* हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस की ओर से कैंट विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त प्रभारी श्री गुरजीत सिंह लहरी ने कार्यक्रम संयोजक श्री सूर्यकांत धस्माना को सफल कार्यक्रम की शुरुआत करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि आज प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर प्रदेश की आज तक की सबसे भ्रष्टाचारी सरकार के खिलाफ जो हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है, उसे भारी जनसमर्थन मिल रहा है और सरकार जनता के रुझान को देखकर बौखलाई हुई है।
महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं में अपनी सुरक्षा को लेकर भय व्याप्त है। उन्होंने कहा कि जब एक महिला मंत्री ही अपनी जान का खतरा बता रही हैं तो आम महिला की सुरक्षा की तो कोई गारंटी ही नहीं है।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग अध्यक्ष अभिनव थापर, प्रदेश महासचिव नवीन जोशी, प्रदेश कांग्रेस श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश कौशल, प्रदेश कांग्रेस सचिव रीतेश छेत्री, कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव पिया थापा, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव जगदीश धीमान, पूर्व सचिव संग्राम सिंह पुंडीर, युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव सुमित खन्ना, पार्षद संगीता गुप्ता, पार्षद अभिषेक तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश पुंडीर, ब्लॉक अध्यक्ष राजीव प्रजापति, ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा, प्रवीण कश्यप, शुभम सैनी, सोनू काजी, लक्की राणा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।