यादगार पारी के साथ विदाई समारोह में भाव विभोर हुवे कर्मचारी – Bhilangana Express

यादगार पारी के साथ विदाई समारोह में भाव विभोर हुवे कर्मचारी

देहरादून: उत्तराखंड शासन में कई महत्वपूर्ण पदों को संभाल रहे कर्तव्यनिष्ठ आईएएस अधिकारी बंशीधर तिवारी को हाल ही में हुए तबादलों के दौरान शिक्षा विभाग से कार्य मुक्त किया गया। श्री तिवारी ने अपनी प्रशासनिक कार्य कुशलता एवं अनुभव के आधार पर विभाग में बेहतर कार्य प्रणाली की परंपरा शुरू की और लगभग 3 साल तक उन्होंने इस भारी भरकम विभाग को अपनी कार्य कुशलता से बखूबी चलाया।
महानिदेशक के तौर पर उनके लंबे कार्यकाल के बाद विभाग ने उन्हें यादगार विदाई दी और उनके साथ बिताए गए अपने अनुभवों को साझा किया। शिक्षा विभाग हो या फिर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण या पत्रकारों की समस्या से जुड़े प्रकरण हो श्री तिवारी ने तमाम व्यस्तता एवं कार्यबोझ के बावजूद भी अपनी जिम्मेदारियां का बेहद व्यवस्थित तरीके से निर्वाह किया।


शिक्षा विभाग में उनका कार्यकाल इसलिए भी याद किया जाएगा क्योंकि 3 वर्ष की लंबी अवधि तक इस विभाग का मुखिया बने रहना खुद में एक चुनौती पूर्ण कार्य है। विदाई समारोह में भी कर्मचारियों ने उनके सामाजिक एवं व्यक्तिगत गुणों को दिल खोलकर बयान किया और बताया कि किस प्रकार श्री तिवारी कर्मचारियों के बेहद निकट रहे हैं।
एक अधिकारी का यह गुण होना चाहिए कि वह विभाग संगठन और कर्मचारियों के बीच एक मजबूत कड़ी बने जिसमें श्री तिवारी कसौटियों पर खरे उतरे हैं। समारोह के दौरान भी श्री तिवारी के प्रति कर्मचारी का स्नेह एवं निकटता खुद उन्हें भी भाव विभोर कर गई।